
सारांश
Read the full fact sheet- खसरा एक अत्यधिक संक्रामक वायरल (विषाणुजनित) बीमारी है। इससे फ्लू जैसे लक्षण, त्वचा पर चकत्ते (दाने) और बुखार होता है।
- खसरे से निमोनिया और एन्सेफलाइटिस (मस्तिष्क में सूजन) जैसी गंभीर जटिलताएं हो सकती हैं।
- टीकाकरण स्वयं को और दूसरों को सुरक्षित रखने का सबसे अच्छा तरीका है। प्रतिरक्षा के लिए खसरे के टीके की दो खुराकें आवश्यक हैं।
- यदि आपका जन्म 1966 में या उसके बाद हुआ है, तो हो सकता है कि आपको खसरे के टीके की केवल एक खुराक ही मिली हो। यदि आपको दो खुराकें नहीं मिली हैं, या आपको पता नहीं है, तो टीका लगवाएं, खासकर यदि आप विदेश यात्रा कर रहे/ही हैं।
- वर्तमान में, शिशु 6 महीने की उम्र से ही विदेश यात्रा से पहले खसरे का टीका लगवा सकते हैं।
- खसरे का टीका डॉक्टरों (जी.पी.), सामुदायिक फार्मेसियों, एबोरिजनल (आदिवासी) स्वास्थ्य सेवाओं और कुछ स्थानीय परिषदों में उपलब्ध है।
- राज्य द्वारा वित्त पोषित निशुल्क खसरे का टीका लगवाने के लिए मेडिकेयर कार्ड की आवश्यकता नहीं है।
- यदि आपको खसरे के लक्षण हैं, तो तुरंत चिकित्सा सहायता लें। डॉक्टर या क्लिनिक जाने से पहले उन्हें फोन करें और संक्रमण फैलाने से बचने के लिए मास्क पहनें।
- खसरा से प्रभावित जिन लोगों में रोग प्रतिरोधक क्षमता नहीं है, वे निवारक उपचार प्राप्त कर सकते हैं, जितनी जल्दी हो सके अपने डॉक्टर से संपर्क करें।
On this page
विक्टोरिया में वर्तमान में खसरे का खतरा बढ़ गया है।
विभाग की वेबसाइट पर खसरे से प्रभावित होने वाले संभावित स्थानों की जानकारी प्राप्त करें।
खसरे के बारे में
खसरा एक अत्यधिक संक्रामक वायरल (विषाणुजनित) बीमारी है। इससे फ्लू जैसे लक्षण, त्वचा पर चकत्ते (दाने) और बुखार होता है, और निमोनिया और एन्सेफलाइटिस (मस्तिष्क में सूजन) जैसी गंभीर जटिलताएं हो सकती हैं, जो जानलेवा साबित हो सकती हैं।
पहले ऑस्ट्रेलिया में यह एक आम बीमारी थी। 1966 से पहले जन्मे अधिकांश लोगों को बचपन में खसरे से संक्रमित होने की संभावना थी और वे संभवतः इससे प्रतिरक्षित हैं। टीकाकरण के कारण, अब ऑस्ट्रेलिया में खसरा बहुत कम होता है।
खसरा अभी भी दुनिया के कई हिस्सों में आम है। विदेशों से आने वाले लोग ऑस्ट्रेलिया में उन लोगों में खसरा फैला सकते हैं जो प्रतिरक्षित नहीं हैं। विश्व स्तर पर, खसरा अभी भी बच्चों में बीमारी और मृत्यु का एक प्रमुख कारण है।
खसरे के लक्षण
खसरे के पहले लक्षण आमतौर पर संक्रमण के 7 से 18 दिन बाद दिखाई देते हैं और इनमें शामिल हो सकते हैं:
- बुखार
- सामान्य रूप से अस्वस्थ महसूस करना (बेचैनी) या थकान
- खांसी
- नाक बहना
- आंखों में दर्द और लालिमा (कंजंक्टिवाइटिस)
- दस्त (विशेषकर शिशुओं में)
- मुंह में सफेद धब्बे (जिन्हें कोप्लिक स्पॉट (Koplik spots) के नाम से जाना जाता है)।
कुछ दिनों बाद, लाल, धब्बेदार, बिना खुजली वाले दाने (फुंसियां) दिखाई देते हैं। ये आमतौर पर चेहरे और गर्दन से शुरू होते हैं, शरीर पर नीचे की ओर फैलते हैं और 4 से 7 दिनों तक रहते हैं।
यदि आपको खसरे के लक्षण हैं, तो तुरंत चिकित्सा सहायता लें। डॉक्टर या क्लिनिक जाने से पहले उन्हें फोन करें और संक्रमण फैलाने से बचने के लिए मास्क पहनें।

चित्र: खसरे के सामान्य दाने (फुंसी) का एक उदाहरण
खसरे से जटिलताएं
कुछ समूहों को खसरे से गंभीर बीमारी और जटिलताओं का खतरा अधिक होता है, जैसेकि:
- कमजोर प्रतिरक्षा प्रणाली वाले लोग
- 5 वर्ष से कम उम्र के बच्चे
- गर्भवती महिलाएं।
खसरे से पीड़ित लगभग एक तिहाई लोगों में जटिलताएं विकसित हो सकती हैं और उन्हें अस्पताल जाने की आवश्यकता पड़ सकती है। जटिलताओं में कान का संक्रमण, दस्त, निमोनिया और एन्सेफलाइटिस (मस्तिष्क में सूजन) शामिल हो सकते हैं, जो खसरे से पीड़ित प्रत्येक 1,000 लोगों में से लगभग 1 में होता है।
खसरा गर्भावस्था के दौरान गर्भपात, समय से पहले प्रसव और कम वजन वाले शिशुओं जैसी जटिलताओं का खतरा बढ़ा देता है।
खसरा कैसे फैलता है
खसरा मुख्य रूप से तब फैलता है जब कोई व्यक्ति किसी संक्रमित व्यक्ति द्वारा खांसने या छींकने से हवा में फैले वायरस (विषाणु) को अपनी सांस से साथ अपने शरीर के अंदर ले लेता है। यह नाक या गले के स्राव और दूषित सतहों या वस्तुओं को छूने से भी फैल सकता है।
खसरे का वायरस हवा में या सतहों पर 2 घंटे तक जीवित रह सकता है। खसरे से पीड़ित व्यक्ति के साथ एक ही कमरे में होने से भी संक्रमण हो सकता है।
खसरे से पीड़ित व्यक्ति लक्षण दिखने से 24 घंटे पहले से लेकर दाने दिखने के 4 दिन बाद तक संक्रामक होते हैं।
खसरे का निदान
खसरे का निदान आपके डॉक्टर द्वारा लक्षणों, शारीरिक परीक्षण और टीकाकरण और यात्रा की (ट्रेवल) हिस्ट्री सहित मेडिकल (चिकित्सा) हिस्ट्री के आधार पर किया जाता है। निदान की पुष्टि निम्नलिखित के परीक्षण से की जाती है, जैसेकि:
- नाक और गले के स्वैब
- मूत्र के नमूने
- रक्त परीक्षण।
निदान की पुष्टि महत्वपूर्ण है क्योंकि इससे उन लोगों की जन-स्वास्थ्य निगरानी संभव हो पाती है जो वायरस के संपर्क में आए हों और संक्रमण के जोखिम में हों।
यदि खसरे का संदेह हो, तो निर्देश मिलने तक घर पर ही रहें। काम पर, स्कूल या सुपरमार्केट जैसे सार्वजनिक स्थानों पर न जाएं।
खसरे का उपचार
खसरे का कोई विशिष्ट इलाज नहीं है। खसरे से पूरी तरह ठीक होने में कुछ सप्ताह लग सकते हैं। एंटीबायोटिक दवाएं इस बीमारी पर असर नहीं करती हैं क्योंकि यह बीमारी विषाणुजनित है।
खसरे से पीड़ित लोगों को चाहिए कि वे:
- घर पर रहें
- आराम करें
- खूब सारा तरल पदार्थ पिएं
- और बुखार कम करने के लिए पैरासिटामोल लें।
गंभीर रूप से बीमार लोगों को अस्पताल जाने की आवश्यकता हो सकती है।
खसरे का टीकाकरण
खसरे का टीका लगवाना खसरे से बचाव का सबसे अच्छा तरीका है। खसरे के टीके की दो खुराक 99% लोगों को लंबे समय तक सुरक्षा प्रदान करती हैं।
खसरे का टीका निशुल्क है और डॉक्टरों (जी.पी.), सामुदायिक फार्मेसियों, एबोरिजनल स्वास्थ्य सेवाओं और स्थानीय परिषद की टीकाकरण सेवाओं पर उपलब्ध है।
विक्टोरियाई सरकार द्वारा वित्त पोषित खसरे का टीका
विक्टोरिया में, आप निशुल्क खसरे का टीका लगवा सकते/ती हैं यदि आपका जन्म 1966 के दौरान या उसके बाद हुआ है और:
- आपने खसरे के वैध टीके की दो प्रमाणित खुराकें नहीं ली हैं, या
- आपके पास रक्त परीक्षण के ऐसे परिणाम नहीं हैं जो इससे प्रतिरक्षा (इम्युनिटी) दर्शाते हों।
विदेश यात्रा करने वाले 6 महीने से लेकर 12 महीने तक से कम उम्र के शिशुओं के लिए भी निशुल्क खसरे का टीका उपलब्ध है। यदि 11 महीने से पहले टीका लगवाया जाता है, तो भी राष्ट्रीय टीकाकरण कार्यक्रम अनुसूची (नेशनल इम्यूनाइज़ेशन प्रोग्राम शेड्यूल) के अनुसार उन्हें 12वें और 18वें महीने में दो अतिरिक्त खुराकों की आवश्यकता होगी।
राज्य द्वारा वित्त पोषित खसरे का टीका लगवाने के लिए आपको मेडिकेयर कार्ड की आवश्यकता नहीं है।
राष्ट्रीय टीकाकरण कार्यक्रम (नेशनल इम्यूनाइज़ेशन प्रोग्राम)
राष्ट्रीय टीकाकरण कार्यक्रम अनुसूची के तहत खसरे का टीका निम्नलिखित बच्चों के लिए निःशुल्क है:
- 12 महीने की आयु के बच्चे (खसरा-मम्प्स-रूबेला का टीका)
- 18 महीने की आयु के बच्चे (खसरा-मम्प्स-रूबेला-वेरिसेला का टीका)।
निम्नलिखित के लिए निःशुल्क कैच अप खसरा टीका उपलब्ध है:
- 20 वर्ष तक की आयु के वे लोग जिनका पूर्ण टीकाकरण नहीं हुआ है
- 20 वर्ष और उससे अधिक आयु के शरणार्थी और मानवीय आधार पर प्रवेश करने वाले लोग।
खसरे के संयुक्त टीके सुरक्षित होते हैं और एक साथ कई बीमारियों से सुरक्षा प्रदान करते हैं, जिससे आवश्यक अलग-अलग टीकाकरणों की संख्या कम करने में मदद मिलती है। ऑस्ट्रेलिया में खसरा, मम्प्स और रूबेला के लिए अलग-अलग टीके उपलब्ध नहीं हैं।
यह जांच लें कि आपको टीका लगा है या नहीं
यह जांचने के लिए कि क्या आपको खसरे का टीका लगा है:
- ऑस्ट्रेलिया में सभी उम्र के लोगों को दिए गए टीकों का रिकॉर्ड रखने वाले राष्ट्रीय रजिस्टर - ऑस्ट्रेलियन इम्यूनाइजेशन रजिस्टर (AIR) पर अपने टीकाकरण रिकॉर्ड ढूंढें।
- अपने टीकाकरण संबंधी रिकॉर्ड के लिए अपने डॉक्टर या टीकाकरण प्रदाता से संपर्क करें (यदि आपने उनसे टीकाकरण करवाया था)।
अपने टीकाकरण रिकॉर्ड खोजने के तरीके के बारे में और अधिक जानकारी पढ़ें।
खसरे का टीका दो बार से अधिक बार लगवाना सुरक्षित है। अगर आपको पक्का नहीं है कि आप इम्यून (प्रतिरक्षित) हैं या नहीं, तो अपने डॉक्टर या फार्मेसी में जाकर खसरे का कैच-अप टीका लगवा लें अर्थात वह टीका जो पहले लगवाना रह गया था।
यात्री
ऑस्ट्रेलिया में खसरे के मामलों का मुख्य स्रोत अंतरराष्ट्रीय यात्रा है। विदेश यात्रा करने से पहले सभी यात्रियों को अपने टीकाकरण की स्थिति की जांच कर लेनी चाहिए।
विदेश यात्रा करने वाले शिशुओं को 6 महीने की उम्र से खसरे का टीका लगाया जा सकता है। यदि 11 महीने से पहले टीकाकरण किया जाता है, तो भी राष्ट्रीय टीकाकरण कार्यक्रम अनुसूची के अनुसार उन्हें 12वें और 18वें महीने में दो अतिरिक्त खुराकों की आवश्यकता होती है।
यदि आपको खसरा है या आप इसके संपर्क में आए/ई हैं
यदि आपको खसरा है
जब तक आप संक्रमण मुक्त न हो जाएं, तब तक घर पर ही रहें, इसका मतलब है कि दाने निकलने के बाद चौथे दिन के अंत तक और जब तक आप पूरी तरह स्वस्थ महसूस न करें। संक्रमण की स्थिति में काम पर, स्कूल या सार्वजनिक स्थानों पर न जाएं।
घर के बाहर के लोगों से संपर्क से बचें, खासकर उन लोगों से जिन्हें गंभीर बीमारी का अधिक खतरा है। इनमें कमजोर प्रतिरक्षा प्रणाली वाले लोग, छोटे बच्चे और गर्भवती महिलाएं शामिल हैं।
खसरे से पीड़ित बच्चों को दाने निकलने के कम से कम चार दिन बाद तक प्राईमरी स्कूल (प्राथमिक विद्यालय) और प्रारंभिक बाल्यावस्था शिक्षा एवं देखभाल केंद्रों में नहीं जाना चाहिए।
यदि आप खसरे के संपर्क में आए/ई हैं
तो विक्टोरिया में खसरे के सार्वजनिक संपर्क स्थलों के वेब पेज पर जाकर देखें कि क्या आप किसी ऐसे स्थान पर गए थे जहां खसरे से पीड़ित व्यक्ति आया था।
यदि आप खसरे से पीड़ित किसी व्यक्ति के संपर्क में आए/ई हैं, तो संपर्क के बाद 18 दिनों तक लक्षणों पर नज़र रखें।
यदि आप खसरे से पूरी तरह प्रतिरक्षित नहीं हैं, या आपको इस बारे में संदेह है, तो आप निवारक उपचार प्राप्त कर सकते/ती हैं - या तो खसरे का टीका (संपर्क के 3 दिनों के भीतर) या इम्युनोग्लोबुलिन इंजेक्शन (कुछ लोगों के लिए 6 दिनों के भीतर)। डॉक्टर या क्लिनिक जाने से पहले उन्हें फोन करें और संक्रमण फैलाने से बचने के लिए मास्क पहनें।
खसरे से प्रभावित बच्चों को प्राईमरी स्कूल (प्राथमिक विद्यालय), प्रारंभिक बाल्यावस्था शिक्षा या देखभाल केंद्रों में जाने से रोका जा सकता है यदि उनका टीकाकरण नहीं हुआ है और उन्हें निवारक उपचार प्राप्त नहीं हुआ है।
सहायता कहाँ से प्राप्त करें
- आपात स्थिति में, हमेशा ट्रिपल जीरो (000) पर कॉल करें
- आपके नज़दीकी अस्पताल का आपातकालीन विभाग
- वर्चुअल आपातकालीन देखभाल
- आपातकालीन देखभाल (अर्जेंट केयर) क्लीनिक - जब तत्काल स्वास्थ्य देखभाल की आवश्यकता हो लेकिन यह जीवन के लिए खतरा न हो
- आपके जीपी (डॉक्टर)
- नर्स-ऑन-कॉल दूरभाष: 1300 606 024 - विशेषज्ञ स्वास्थ्य जानकारी और सलाह के लिए (24 घंटे, 7 दिन)
- स्थानीय सरकारी टीकाकरण सेवा
- मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य हेल्पलाइन दूरभाष: 13 22 29 (24 घंटे, 7 दिन)
- टीकाकरण कार्यक्रम, विक्टोरियाई स्वास्थ्य विभाग
- राष्ट्रीय टीकाकरण सूचना हेल्पलाइन दूरभाष: 1800 671 811
- फार्मासिस्ट
- SAEFVIC दूरभाष: 1300 882 924 – टीकाकरण के बाद किसी भी अप्रत्याशित या गंभीर प्रतिक्रिया की सूचना देने के लिए
- Sharing knowledge about Immunisation, Measles, National Centre for Immunisation Research and Surveillance.
- Australian Immunisation Handbook, Department of Health and Aged Care, Australian Government.
- Immunisation schedule Victoria and vaccine eligibility criteria, Department of Health, Victorian Government.
- Measles, Department of Health, Victorian Government.
This page has been produced in consultation with and approved by:


